Rajnandgaon: युवक पर धारदार वस्तु से हमला, मां भी घायल

राजनांदगांव। लखोली के नया अटल आवास, मुरूम खदान में गाली-गलौज का विरोध करने पर युवक पर धारदार वस्तु से हमला करने की शिकायत सामने आई है। बीच-बचाव के दौरान उसकी मां को भी चोट आई।
शिकायतकर्ता सावन उर्फ रवि साहू (27) के अनुसार, 8 नवंबर की रात उसकी मां सावित्री साहू बच्चों से मिलने घर आई थीं। बच्चों को जोर से बुलाने पर पड़ोसी ताराचंद ने उनसे गाली-गलौज की और मारपीट करने व जान से मारने की धमकी दी।
पत्नी से फोन पर जानकारी मिलने पर सावन घर पहुंचा। आरोप है कि रात करीब साढ़े 11 बजे ताराचंद वहां आया और विवाद करने लगा। गाली देने से मना करने पर उसने चाकूनुमा धारदार वस्तु से हमला कर दिया। इससे सावन के दोनों हाथों, पंजे, उंगली और पीठ पर चोट आई। मां को भी बीच-बचाव के दौरान चोट लगी।
शिकायत के मुताबिक, ताराचंद जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। सावन ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।




