Rajnandgaon: रेवाडीह में कार की टक्कर से ई-रिक्शा पलटा, मां-10 वर्षीय बेटी घायल

राजनांदगांव। रेवाडीह बाजार चौक में 8 नवंबर को कार की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में महिला और उसकी 10 वर्षीय बेटी घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने दोनों को निकालकर शासकीय मेडिकल कॉलेज पेंड्री पहुंचाया।
रेवाडीह निवासी जागृती पटेल की शिकायत के अनुसार, वह सब्जी बेचने के बाद बेटी के साथ ई-रिक्शा में बैठकर उसे चालू कर रही थीं। इसी दौरान राज एम्पीरियल चौक से फरहद चौक की ओर जा रही महिंद्रा XUV 700 क्रमांक CG 08 AW 9877 के चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे ई-रिक्शा पलटकर नाले के किनारे जा गिरा।
हादसे में जागृती के दाहिने पैर और घुटने में, जबकि बेटी के सिर पर चोट आई। ई-रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गया। शिकायत के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद कार बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई। उपचार के बाद महिला ने कार चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।




