Rajnandgaon: लखोली में दुकानदार को धमकाने का विरोध करने पर युवक पर हमला, लगी चोट

राजनांदगांव। लखोली में दुकानदार को धमकाने का विरोध करने पर एक युवक पर धारदार वस्तु से हमला करने की शिकायत सामने आई है। घटना 9 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित डेली नीड्स दुकान की बताई गई है।
राजीव नगर लखोली निवासी दुष्यन्त वैष्णव की शिकायत के अनुसार, वह अपने दोस्तों साहिल साहू और प्रवेश यादव के साथ खाने का सामान खरीदने दुकान पहुंचा था। वहां नागेश और उसका साथी टुनू दुकानदार टोमन साहू को धमका रहे थे। विरोध करने पर दोनों ने दुष्यन्त से गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि नागेश ने चाकूनुमा धारदार वस्तु से दुष्यन्त की बाईं जांघ पर वार किया, जिससे उसे चोट आई। टुनू पर भी चाकू दिखाकर हमला करने की कोशिश का आरोप है। साथियों ने बीच-बचाव किया। शिकायत के मुताबिक, दोनों जान से मारने की धमकी देकर स्कूटी से भाग गए। दुष्यन्त ने अपने भाई के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।



