राजनांदगांव : विद्यार्थियों को नए हुनर का दिया प्रशिक्षण…
अंबागढ़ चौकी , शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था अंबागढ़ चौकी में नव कौशल पथ, नई राह, नया हुनर कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को इलेक्ट्रेशियन, वेंडर, फीटर, कोपा, डीजल मेकेनिक आदि ट्रेड का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को सोमवार से प्रशिक्षण देना शुरू हो गया है। मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने यहां प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटीआई के प्राचार्य जीएल खरे ने की।
प्राचार्य खरे ने विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ मन लगाकर पढ़ने व परीक्षा में सफल होने को प्रेरित किया। नपं अध्यक्ष ने कहा कि आज के दौर में हर विद्यार्थियों को पढ़ाई पूरी करने के बाद शासकीय नौकरी मिल पाए यह असंभव है। प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण करने के बाद भी हजारों व लाखों युवा नौकरी से वंचित हो जाते हैं। ऐेसे में सरकार प्रदेश के युवाओं को पीएम कौशल उन्नयन व सीएम कौशल उन्नयन योजना के तहत उनके हुनर को निखारती है। उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने तथा नौकरी प्राप्त करने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करती है।
युवाओं के लिए नौकरी के ढेरों अवसर: छात्र छात्राओं को बताया कि हायर सेकेंडरी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद जो युवा गरीबी या पारिवारिक कारणों से उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर सकते हैं। वे अपनी रुचि के अनुसार आईटीआई में प्रवेश लेकर अपना कौशल को निखारते हुए इससे अपना कॅरियर बना सकते हैं। युवाओं को बताया कि आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए आज भी शासकीय, अर्द्धशासकीय व निजी सेक्टर में सेवा व नौकरी के ढेरों अवसर प्राप्त होते हैं।
