मोहला : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, जिले में 19 वर्ष तक के बच्चों को 10 को खिलाएंगे दवा…
मोहला , राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) कार्यक्रम के िलए 10 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय के सभा कक्ष में कलेक्टर तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में अंतर-विभागीय समन्वय बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य, महिला व बाल विकास, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, शासकीय अनुदान प्राप्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षा संस्थानों तथा नर्सरी स्कूलों में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजॉल 400 मिलीग्राम की कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी।
कार्यक्रम में छूटे हुए बच्चों को दवा खिलाने के लिए 17 अगस्त को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा। विभागीय अधिकारी ने बताया कि कृमिनाशक दवा के नियमित सेवन से बच्चों में कृमि संक्रमण की रोकथाम, पोषण स्तर में सुधार, एनीमिया की रोकथाम, बौद्धिक विकास तथा विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ाने में सहायता मिलती है। राज्य स्तर पर इस अभियान के अंतर्गत 1 करोड़ 10 लाख 15 हजार 942 बच्चों, किशोर-किशोरियों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
दवा वितरण के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई बताया कि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली पीसकर पानी के साथ, 2 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली पीसकर पानी के साथ तथा 5 से 19 वर्ष के बच्चों व किशोर-किशोरियों को पूरी गोली चबाकर पानी के साथ सेवन कराया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में दवा वितरण की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा विद्यालयों व शिक्षण संस्थानों में नोडल शिक्षकों को सौंपी गई है। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को सभी बच्चों तक पहुंचने तथा 10 व 17 अगस्त को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
