Rajnandgaon: मरीज को ले जाने पर दो एम्बुलेंस चालकों में विवाद, दोनों ने की शिकायत

राजनांदगांव। शासकीय मेडिकल कॉलेज पेंड्री में 8 नवंबर को करीब साढ़े 11 बजे मरीज को ले जाने को लेकर दो एम्बुलेंस चालकों के बीच विवाद हो गया। प्रकाश उके और जयंत डोंगरे ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत की है।
प्रकाश उके के अनुसार, एक मरीज ने उनका विजिटिंग कार्ड देखकर फोन किया था। आरोप है कि इसी दौरान जयंत ने मरीज को अपने पास बुला लिया। विरोध करने पर जयंत ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए थप्पड़ मारा। प्रकाश ने शिकायत में स्वीकार किया कि इसके बाद उन्होंने भी जयंत को थप्पड़ मारा।
वहीं, जयंत डोंगरे का कहना है कि वह मरीज से किराये की बात कर रहे थे, तभी प्रकाश ने कम किराये में ले जाने की बात कही। विरोध करने पर प्रकाश ने पहले थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में उन्होंने भी थप्पड़ मारा। जयंत ने पप्पू उर्फ विनय मेश्राम और आयुष मेश्राम पर भी बाद में गाली-गलौज कर धमकाने का आरोप लगाया है। दोनों ने कार्रवाई की मांग की है।




