राजनांदगांव : तूफान थमा, गिरी धान फसल का सर्वे और मुआवजे की मांग …
राजनांदगांव l चक्रवाती तूफान अर्नब का असर खत्म हो गया है। शुक्रवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। हालांकि जिले के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई। इधर दो दिन की बारिश और तेज हवा ने धान की फसल को चक्रवाती कर दिया है। धान की फसल को हुए नुकसान को लेकर अब किसानों में सर्वे और मुआवजे की मांग उठने लगी है।
शुक्रवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने भी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने मांग की है कि तूफान के असर से पूरे जिले में किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। धान की फसल पूरी तरह जमीन पर गिर गई है। इसकी गुणवत्ता पर भी आगे असर पड़ेगा। इसे देखते हुए जिलेभर में नुकसान का सर्वे कराया जाए। नुकसान के आधार पर किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाना चाहिए। इधर मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। बारिश की संभवना अब खत्म हो गई है।
इधर पटवारियों की हड़ताल भी चल रही है। ऐसे में तत्काल सर्वे शुरू करने में प्रशासन को काफी दिक्कत हो सकती है। हालांकि फसल बीमा कंपनी और कृषि विस्तार अधिकारी के माध्यम से नुकसान का आकलन करने की तैयारी जिला प्रशासन ने किया है।




