राजनांदगांव : मटन मार्केट: दुकान आवंटित किसी को, चला रहा कोई और …
राजनांदगांव l गौरी नगर में गौ हत्या के मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासन की सख्ती मटन मार्केट तक जा पहुंची है। जांच में गोल बाजार स्थित मटन मार्केट की दुकानों के आवंटन और संचालन में गड़बड़ी सामने आई है। नगर निगम ने जिन 11 लोगों को दुकानें आवंटित की थीं, उनमें से कई दुकानों का संचालन आवंटित व्यक्ति के बजाय दूसरे लोग कर रहे हैं। इतना ही नहीं, 4 दुकानदार ऐसे हैं, जिन्होंने पिछले 33 साल से दुकान का किराया भी जमा नहीं किया है।
निगम ने इसे नियमों के विपरीत मानते हुए संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दुकानें जिन लोगों को आवंटित की गई हैं, उन्हें ही निर्धारित शर्तों के अनुसार संचालन करना होगा। आवंटित दुकान किसी दूसरे व्यक्ति से संचालित कराना नियम विरुद्ध है। इसी तरह किराया जमा नहीं करने वालों को भी बकाया राशि चुकाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। निगम ने चेतावनी दी है कि निर्धारित जगह पर दुकान का संचालन नहीं करने और नियमों का पालन नहीं करने पर आवंटन निरस्त करने की एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। निगम का कहना है कि मटन मार्केट के लिए तय जगह पर कारोबार करना होगा।
इधर गत दिनों शहर के बिरयानी सेंटरों से लिए गए मटन, चिकन और उपयोग किए गए तेल के सैंपल फूड सेफ्टी विभाग की तरफ से लिए गए थे। इसके सैंपल रायपुर के लैब में भेजे गए हैं। रायपुर लैब से 14 दिनों के बाद ही रिपोर्ट आ पाएगी। विभागीय जानकारी अनुसार सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गत दिनों अतिक्रमण कर एवं अवैध रूप से मांस विक्रय करने वालों के विरूद्ध नगर निगम, खाद्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई करने शहर में मांस विक्रय करने वालों का लाइसेंस एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी दस्तावेज तथा फूड क्वालिटी व सिलेंडर की जांच की गई थी। सिलेंडर भी जब्त किए गए थे।
^शहर के गोल बाजार में दुकानों के आवंटन और किराए को लेकर गड़बड़ी सामने आई है। इसमें नोटिस जारी किया गया है। आवंटन को निरस्त करने की कार्रवाई नगर निगम के द्वारा की जाएगी। किराया नहीं पटाने वालों पर भी गाज गिरेगी। -जितेंद्र यादव, कलेक्टर




