छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

राजनांदगांव : 30 हजार भक्तों को बांटी गई जड़ी-बूटियों वाली खीर…

By kadwaghut|27 Oct 2026, 11:14 AM
f X W

शरद पूर्णिमा की रात, खुले आसमान के नीचे रखी खीर, चंद्रमा की रोशनी और मां पाताल भैरवी के जयकारों के बीच आस्था का ऐसा नजारा दिखा कि सुबह होने तक श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। बर्फानी आश्रम में शरद पूर्णिमा पर आयोजित परंपरागत सेवा आयोजन में 30 हजार से अधिक लोगों को जड़ी-बूटियों से तैयार खीर का प्रसाद नि:शुल्क वितरित किया गया। सांस, दमा और अस्थमा से पीड़ित लोग छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के साथ मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, बंगाल, ओडिशा, राजस्थान और उत्तरप्रदेश समेत दूसरे राज्यों से भी पहुंचे थे। रात से शुरू हुई आवाजाही ब्रह्ममुहूर्त में प्रसाद वितरण के दौरान और बढ़ गई। मां पाताल भैरवी सिद्धपीठ में पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद बांटने का क्रम सूर्योदय के बाद तक चलता रहा।

बर्फानी सेवाश्रम समिति द्वारा वर्ष 1997 से मानव सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। समिति के सचिव गणेश प्रसाद शर्मा (गन्नू) के अनुसार, पिछले 29 वर्षों से शरद पूर्णिमा पर दुर्लभ जड़ी-बूटियों से खीर प्रसाद तैयार कर सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को वितरित किया जाता है। इस वर्ष भी आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। संध्या से ही हलवाइयों ने खीर तैयार करना शुरू कर दिया था। मध्यरात्रि से पहले खीर को खुले आसमान के नीचे रखा गया। ब्रह्ममुहूर्त में मां पाताल भैरवी और गुरुदेव श्रीबर्फानी दादा की पूजा-अर्चना के बाद संस्था अध्यक्ष राजेश मारू की देखरेख में प्रसाद वितरण शुरू हुआ।

कर्मा, ददरिया, सुआ, पंथी की प्रस्तुति ने बांधा समां धार्मिक आयोजन के साथ छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। वनांचल क्षेत्र चौकी की प्रसिद्ध लोक कला मंच नाचा-गम्मत मंडली ने रातभर प्रस्तुति देकर दर्शकों को बांधे रखा। कलाकारों ने कर्मा, ददरिया, सुआ और पंथी सहित हास्य-व्यंग्य से जुड़े प्रहसनों की प्रस्तुति दी। लोक कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। माता के दरबार में दर्शन, प्रसाद और सांस्कृतिक प्रस्तुति के बीच पूरी रात माहौल भक्तिमय बना रहा।

READ ALSO  राजनांदगांव : महासमुंद ने कोरिया को 7 विकेट से हराया अभिनव की आतिशी पारी से कांकेर की जीत...

बर्फानी सेवाश्रम समिति के सदस्यों ने संभाली जिम्मेदारी आयोजन में समिति अध्यक्ष राजेश मारू, कोषाध्यक्ष नीलम जैन, महंत गोविंद दास, महेंद्र लुनिया, संतोष खंडेलवाल, आलोक जोशी, लीलाधर सिंह, बलविंदर सिंह भाटिया, कुलबीर छाबड़ा, संजय खंडेलवाल, योगेंद्र पांडे, मनीष परमार, संतोष साहू, शुभम शर्मा, मौलेश तिवारी और दीपक यादव सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा। श्रद्धालुओं ने भी अनुशासन बनाए रखते हुए आयोजन में सहभागिता की।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button