छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

Rajnandgaon: गणेश पर्व 500 पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती, अपराध नियंत्रण से लेकर यातायात एवं पंडाल सुरक्षा तक व्यापक कार्ययोजना तैयार….

By kadwaghut|13 Sep 2026, 2:50 PM
f X W

गणेश पर्व को लेकर राजनांदगांव पुलिस सतर्क एवं चौकस

लगभग 500 पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती, अपराध नियंत्रण से लेकर यातायात एवं पंडाल सुरक्षा तक व्यापक कार्ययोजना तैयार

राजनांदगांव। आगामी गणेश पर्व एवं विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं चौकस है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के नेतृत्व में गणेश उत्सव को लेकर विस्तृत सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था योजना तैयार की गई है। जिले में पर्व के दौरान लगभग 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पंडाल सुरक्षा एवं रात्रिकालीन पेट्रोलिंग पर विशेष जोर दिया गया है।

गणेश पर्व के दौरान अपराधिक एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राजनांदगांव पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों की निगरानी के साथ-साथ उनके विरुद्ध आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस द्वारा क्षेत्रवार सूचना संकलन एवं निगरानी को मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी संभावित घटना को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके।

गणेश पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए पृथक सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम गठित की गई है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पर सतत निगरानी रखेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

अपराध नियंत्रण एवं सूचना संकलन को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष Anti-Crime एवं Intelligence Collection Squad का गठन किया गया है। यह टीम विशेष रूप से संवेदनशील एवं चिन्हित क्षेत्रों में सक्रिय रहकर आपराधिक गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखेगी तथा स्थानीय स्तर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

READ ALSO  मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता से सपने को मिला पंख

यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। विशेषकर शहर के बाजार क्षेत्रों में आगामी लगभग 10 दिनों के दौरान सुगम एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक यातायात प्रबंधन किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में निर्धारित स्थानों के आगे कार एवं ई-रिक्शा के प्रवेश को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों की आवाजाही सुगम बनी रहे। विशेष परिस्थितियों एवं आवश्यक सेवाओं को इससे पृथक रखा जाएगा।

गणेश उत्सव समितियों के साथ पुलिस का समन्वय मजबूत करने के लिए अब तक दो चरणों में गणेश पंडाल समितियों के साथ बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। बैठकों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पंडाल प्रबंधन, सीसीटीवी, भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई है।

इसी क्रम में राजनांदगांव पुलिस की विशेष पहल “One Pandal – One Cop : Pandal Police Mitra” के तहत प्रत्येक संबंधित गणेश पंडाल के लिए पुलिस मित्र की नियुक्ति की गई है। पुलिस द्वारा आज सभी संबंधित गणेश पंडाल समितियों के साथ पंडाल पुलिस मित्रों की सूची साझा की गई है, ताकि पंडाल समिति एवं संबंधित पुलिस कर्मचारी आपस में समन्वय स्थापित कर सकें और आवश्यकता पड़ने पर किसी भी स्थिति की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचाई जा सके।

गणेश पर्व के दौरान Visible Policing एवं प्रभावी पेट्रोलिंग पर विशेष जोर दिया गया है। सभी फील्ड अधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में सतत भ्रमण एवं निगरानी रखते हुए पुलिस की प्रभावी एवं स्पष्ट उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। विशेषकर रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को मजबूत रखा जाएगा, ताकि नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश बना रहे।

READ ALSO  CG : होटल के कमरे में युवती की मौत से मचा हड़कंप, प्रेमी गिरफ्तार …

राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश पर्व शांति, सौहार्द एवं अनुशासन के साथ मनाया जाए। पुलिस की ओर से असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधिक तत्व अपनी गतिविधियों में सुधार लाएं और कानून का पालन करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।

राजनांदगांव पुलिस आम नागरिकों एवं गणेश उत्सव समितियों से अपील करती है कि वे पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को दें। सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण गणेश पर्व के लिए राजनांदगांव पुलिस पूरी तरह तैयार है।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button