छत्तीसगढ़

CG : पीएम जनमन आवास योजना से बसंती पहाड़ी कोरवा का पक्के घर का सपना हुआ साकार, कच्चे मकान की परेशानियों से मिली राहत …

By kadwaghut|17 Oct 2026, 12:39 PM
f X W

अम्बिकापुर । जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के पक्के मकान का सपना प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से साकार हो रहा है। योजना का लाभ मिलने से वर्षों से कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित आवास की सुविधा उपलब्ध हो रही है। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घंघरी के आसड़ाड की रहने वाली बसंती पहाड़ी कोरवा के परिवार को भी पक्के आवास की सौगात मिली है। पहले मिट्टी के कच्चे मकान में रहने वाला उनका परिवार अब अपने पक्के घर में सुकून से जीवन व्यतीत कर रहा है।

बसंती बताती हैं कि उनके परिवार में पति और तीन बेटे हैं। उनके पति खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बीच परिवार का जीवनयापन होता था। पहले उनका पूरा मकान मिट्टी का बना हुआ था। कच्चा मकान होने के कारण परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण घर के भीतर रहना मुश्किल हो जाता था। बारिश के दौरान परिवार को काफी असुविधा होती थी।

पक्के आवास से दूर हुई बरसात की परेशानी

बसंती बताती हैं कि पहले बरसात शुरू होते ही घर में पानी टपकने की चिंता सताने लगती थी। मिट्टी के मकान में बारिश के दौरान परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आर्थिक परिस्थितियों के कारण स्वयं के संसाधनों से पक्का मकान बनवाना आसान नहीं था। ऐसे में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना उनके परिवार के लिए बड़ी राहत लेकर आई।

READ ALSO  आजादी के बाद पहली बार ग्राम चांगेर में पहुंची विकास की रोशनी

योजना के अंतर्गत आवास का लाभ मिलने से अब उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो गया है। नए घर में रहने से परिवार को कच्चे मकान की समस्याओं से छुटकारा मिला है। अब बारिश होने पर छत से पानी नहीं टपकता और परिवार सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में रह रहा है।

पीएम जनमन योजना से विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को मिल रहा आवास का लाभ

प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें पात्र परिवारों को पक्के आवास की सुविधा प्रदान करना भी प्रमुख उद्देश्य है। योजना के माध्यम से पहाड़ी कोरवा जैसे विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

बसंती पहाड़ी कोरवा का परिवार इस पहल का उदाहरण है। कभी मिट्टी के कच्चे मकान में रहने वाला परिवार आज अपने पक्के घर में खुशहाल जीवन की ओर आगे बढ़ रहा है।

पक्का आवास मिलने पर बसंती पहाड़ी कोरवा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि शासन की योजना से उनके परिवार का पक्के घर का सपना पूरा हुआ है और अब उन्हें पहले जैसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button