राजनांदगांव : परिवार में संस्कार, अनुशासन से मजबूत होगा समाज : मदन…
डोंगरगांव , छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ द्वारा समाज को संगठित, संस्कारित व सशक्त बनाने के उद्देश्य से समाज परिवार की ओर अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों में परिवार संस्कार प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में परिवार संस्कार प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के कार्यकारिणी सदस्य मदन साहू प्रभारी के रूप में शामिल हुए और समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सामाजिक नियमावली, समाज एवं परिवार के संस्कार तथा वर्तमान सामाजिक गतिविधियों के संबंध में प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में रायपुर से पूनम दीदी ने परिवार संस्कार विषय पर लगभग दो घंटे तक प्रशिक्षण दिया। परिवार में आपसी संवाद, बुजुर्गों का सम्मान, बच्चों में संस्कार, पारिवारिक एकता और सामाजिक जिम्मेदारियों के महत्व को बताया। मदन साहू ने कहा कि वर्तमान समय में परिवारों के भीतर आपसी संवाद और विचारों के तालमेल की कमी लगातार दिखाई दे रही है।
परिवार के सदस्य एक साथ बैठकर अपनी समस्याओं और विचारों पर चर्चा नहीं कर पा रहे हैं। इसका असर बच्चों और युवा पीढ़ी पर भी पड़ रहा है। बुजुर्गों के अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को जोड़ने की आवश्यकता है। कहा कि परिवार समाज की पहली पाठशाला है। यदि परिवार में संस्कार, अनुशासन, सम्मान और आपसी सहयोग का वातावरण मजबूत होगा तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ेगा। परिवार मजबूत होगा तो समाज भी मजबूत होगा।




