Uncategorized

CG : ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन …

By lokesh sharma|13 Jun 2026, 4:30 PM
f X W

धमतरी । जिले में खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने, युवाओं की प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन इंडोर स्टेडियम में सम्पन्न हुआ। शिविर का आयोजन 9 मई से 8 जून 2026 तक किया गया, जिसमें जिले भर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने कहा कि एक माह तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं की सहभागिता जिले में खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। बच्चों ने अतिथियों के समक्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल गतिविधियों और योगा का प्रदर्शन किया ।

उन्होंने विशेष रूप से भारतीय सेना में चयनित जिले के 63 अग्निवीर जवानों को बधाई देते हुए कहा कि ये युवा जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा युवाओं के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं, जिनसे धमतरी जिले को नई पहचान मिल रही है। विधायक श्री साहू ने युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित विभिन्न नवाचारों, खेल गतिविधियों एवं युवा उत्सवों की भी प्रशंसा की। उन्होंने नगर पंचायत आमदी के शारीरिक शिक्षक (पी.टी.आई.) द्वारा सीमित संसाधनों में युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सिहावा श्रीमती अम्बिका मरकाम ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर बच्चों और युवाओं के व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता को विकसित नहीं करते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संघर्षशीलता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। ऐसे प्रशिक्षण शिविर ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि समर्पण, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर वे राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। श्रीमती मरकाम ने खिलाड़ियों से खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने तथा शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने जिले के युवाओं के हित में खेल एवं युवा विकास से जुड़े ऐसे नवाचारपूर्ण आयोजनों के लिए जिला प्रशासन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर महापौर  रामू रोहरा ने जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी संस्थाओं को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि धमतरी जिले में खेल गतिविधियों के विस्तार और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर सकारात्मक कार्य हो रहे हैं, जिसके उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं।

महापौर श्री रोहरा ने कहा कि आज के युवा ही राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं और खेल उन्हें स्वस्थ, अनुशासित तथा आत्मविश्वासी नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से प्राप्त प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने, निरंतर अभ्यास करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों से जिले में खेल संस्कृति और अधिक सशक्त होगी तथा आने वाले वर्षों में धमतरी के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने भारतीय सेना के लिए चयनित अग्निवीर जवानों को विशेष बधाई देते हुए कहा कि उनका चयन जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। खेल और राष्ट्रसेवा दोनों ही क्षेत्र अनुशासन, समर्पण और कठोर परिश्रम की मांग करते हैं तथा जिले के युवा इन दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ने और सफलता के नए आयाम स्थापित करने का संदेश दिया।

कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न विकासखंडों में प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किए गए, जिससे अधिकाधिक युवा लाभान्वित हो सके।

उल्लेखनीय है कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में कुल 36 खेल प्रशिक्षण केन्द्रों की स्थापना की गई थी। शिविर में कुल 1160 खिलाड़ियों ने पंजीयन कर प्रशिक्षण प्राप्त किया। खिलाड़ियों को रग्बी, वॉलीबाल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, योग, कुडो, शतरंज, बैडमिंटन, गतका, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, नेटबॉल सहित विभिन्न आधुनिक एवं पारंपरिक खेलों का प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों, कोचों एवं राष्ट्रीय खेल संस्थान (एन.आई.एस.) प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया गया।

READ ALSO  मौसंबी के छिलके फेंकने से पहले जान लें ये 8 फायदे, घर के कई काम होंगे आसान ...

प्रशिक्षण अवधि के दौरान खिलाड़ियों को जिला प्रशासन की ओर से मेडिकल किट, स्टेशनरी सामग्री एवं सूखा पोषक आहार उपलब्ध कराया गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा प्रत्येक केन्द्र के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। वहीं प्रशिक्षकों को स्मृतिचिन्ह प्रदान कर उनके योगदान का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में यह जानकारी भी साझा की गई कि गत वर्ष आयोजित समर कैम्प में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 118 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में चयनित होकर छत्तीसगढ़ एवं धमतरी जिले का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि जिले में खेल प्रतिभाओं के विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सफलता को दर्शाती है।

समापन समारोह में भारतीय सेना के लिए चयनित 63 अग्निवीर जवानों का विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय ने उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना को रेखांकित करते हुए युवाओं को खेल एवं सेवा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।

यह ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर धमतरी जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में स्थापित हुआ है। व्यापक जनसहभागिता, विशेषज्ञ प्रशिक्षण और युवाओं को मिले अवसरों ने जिले में खेलों के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया है। जिला प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें उच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु नगर निगम, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, जनसम्पर्क विभाग, माई भारत संगठन, खेल प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

READ ALSO  घर पर बनाएं बाजार जैसी सोनपापड़ी, बिना मशीन के आसान रेसिपी ...
अगली खबर लोड हो रही है...

lokesh sharma

Lokesh Sharma | Editor Lokesh Sharma is a trained journalist and editor with 10 years of experience in the field of journalism. He holds a BAJMC degree from Digvijay College and a Master of Journalism from Kushabhau Thakre University of Journalism & Mass Communication. He has also served as a Professor in the Journalism Department at Digvijay College. Currently, he writes on Sports, Technology, Jobs, and Politics for kadwaghut.com.

Related Articles

2

Back to top button