राजनांदगांव : सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, हर वार्ड में कराएं 5 घरों का पंजीयन…
राजनांदगांव , शहर को सोलर सिटी की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए अब नगर निगम के राजस्व अमले को हर सप्ताह कम से कम पांच घरों का प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में पंजीयन कराने का लक्ष्य दिया गया है। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने शनिवार को निगम टाउन हॉल में निगम, विद्युत मंडल, बैंकर्स और सोलर वेंडर्स की बैठक लेकर योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने हाईवे के दोनों ओर 100 मीटर के दायरे में आने वाले घरों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और शासकीय कार्यालयों का प्राथमिकता से सर्वे कर सोलर पैनल के लिए पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निगम के सहायक राजस्व निरीक्षकों से कहा कि वे अपने-अपने वार्डों में करदाताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली के साथ सूर्य घर योजना को भी प्राथमिकता दें और रोजाना कम से कम एक घंटा इसके लिए काम करें। प्रत्येक वार्ड प्रभारी एक सप्ताह में कम से कम पांच लोगों का पंजीयन कराएं, ताकि शहर के अधिक से अधिक घर योजना से जुड़ सकें।
संयुक्त टीम बनाकर सर्वे कराने के लिए कहा गया कलेक्टर ने निगम और विद्युत मंडल की संयुक्त टीम बनाकर सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। नेशनल हाईवे के दोनों ओर 100 मीटर के दायरे में आने वाले निजी आवास, व्यवसायिक संस्थानों और सरकारी कार्यालयों को सर्वे में शामिल किया जाएगा। इसके बाद पात्र हितग्राहियों का ऑनलाइन आवेदन कराया जाएगा। शासकीय कार्यालयों में सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया भी प्राथमिकता से शुरू करने को कहा गया है।

