DJ पर डांस को लेकर विवाद , तलवार से हमला, एक की मौत

बिलासपुर। गणेश उत्सव के दौरान DJ पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा के जनक पहरी इलाके में रविवार रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान तलवार, चाकू, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना में गंभीर रूप से घायल शैलेष कुमार राठौर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

DJ पर नाचने से शुरू हुआ विवाद, 14 संदेही हिरासत में
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच गतौरा के जनक पहरी स्थित गणेश पंडाल में DJ बज रहा था। इसी दौरान DJ पर नाचने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। परिजनों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा था। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ।
आरोप है कि इस दौरान परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियारों, लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया। पथराव किए जाने की बात भी सामने आई है। हमले में शैलेष कुमार राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना में मृतक के पिता व्यास नारायण राठौर और बड़े भाई रवि कुमार राठौर के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे विक्रम राठौर और विकास राठौर के भी घायल होने की बात कही जा रही है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका सिम्स में इलाज जारी है।

पुलिस ने 14 संदेहियों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में 14 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों का दावा है कि हमले में करीब 13 से 15 लोग शामिल थे। हालांकि, घटना में कौन-कौन शामिल था और किसकी क्या भूमिका रही, यह पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट होगा।
एडिशनल एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह भी गतौरा पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस पुराने विवाद, DJ पर नाचने को लेकर हुए तत्काल विवाद और उसके बाद हुए हमले के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पत्नी ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की

मृतक शैलेष राठौर की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए फांसी की सजा देने की मांग की है। वहीं, परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की मांग भी की है।
पुलिस का कहना है कि, FIR दर्ज कर हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। बाकी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।




