राजनांदगांव : रेलवे के जीएम इसी महीने करेंगे स्टेशन का निरीक्षण…
राजनांदगांव , रेलवे के महा प्रबंधक इसी माह नागपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों के साथ राजनांदगांव रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। फिलहाल तारीख तय नहीं हो सकी है रेलवे के अफसरों ने तीन माह पहले बारिश थमने के बाद अक्टूबर में निर्माणाधीन अंडरब्रिज का काम शुरू करने का आश्वासन दिया था। अब बारिश थम चुकी है जिसके चलते इसी माह में लंबे समय से थमा काम दोबारा शुरू करने की जानकारी सामने आई है। जीएम स्टेशन में चल रहे रिनोवेशन के काम का जाएजा लेंगे।
दूसरे दिन पटरी पार के कांग्रेसी नेता आसिफ अली अंडरब्रिज के निर्माण में तेजी लाने की मांग करने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन प्रबंधक आरके बर्मन से चर्चा की। तीन माह पहले प्रदर्शन के दौरान उन्हें अक्टूबर में काम शुरू करने का लिखित आश्वासन दिया गया था। अफसरों ने बताया कि एलएचएस -460 अंडरब्रिज के अधूरे निर्माण कार्य को इसी माह में शुरु करेंगे। संबंधित इंचार्ज इंजीनियर मोनेश से जानकारी ली।



