छत्तीसगढ़धमतरी जिला

CG : जीवन की अंतिम विदाई के बाद भी रोशन रहेगी दुनिया …

By kadwaghut|22 Sep 2026, 12:10 PM
f X W

सेवा संकल्प अभियान : नेत्रदान की पुनीत पहल, स्व. सालिक राम साहू के परिवार ने पेश की मानवता की मिसाल

Advertisement
Advertisement

धमतरी। जीवन की अंतिम विदाई भी यदि किसी दूसरे के जीवन में रोशनी की नई उम्मीद बन जाए, तो इससे बड़ा मानवीय संकल्प क्या हो सकता है। ग्राम नारी, विकासखण्ड कुरूद के स्वर्गीय सालिक राम साहू के परिवार ने अपने प्रियजन के निधन के बाद नेत्रदान की सहमति देकर इसी संवेदनशील सोच और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया है। परिवार का यह निर्णय सेवा संकल्प अभियान में मानवता और जनभागीदारी की प्रेरक मिसाल बनकर सामने आया है।

80 वर्षीय स्व. सालिक राम साहू, पिता स्व. हीरालाल साहू का 20 सितंबर 2026 को प्रातः लगभग 6 बजे निधन हुआ। परिवार ने दुःख की इस घड़ी में भी नेत्रदान के महत्व को समझते हुए स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया। पुत्र द्वारा दूरभाष के माध्यम से सूचना दिए जाने के बाद राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्पदृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम की टीम उनके निवास पर पहुंची।

प्रातः लगभग 9.30 बजे जिला नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. राजेश सूर्यवंशी तथा खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमराज देवांगन के मार्गदर्शन में नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की गई। विकासखण्ड के नेत्र सहायक अधिकारी लोमेश कुर्रे, क्षितिज साहू एवं दुतेन्द्र कंवर की उपस्थिति में आवश्यक प्रक्रिया संपन्न हुई।

समय पर नेत्र बैंक तक पहुंचाई गई दान की गई आंखें

नेत्रदान की प्रक्रिया के बाद दान की गई आंखों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय रहते सुरक्षित रूप से मेडिकल कॉलेज रायपुर स्थित नेत्र बैंक तक पहुंचाया गया। जिले के सहायक नोडल अधिकारी गुरुशरण साहू, वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी राजेश सोनी तथा विकासखण्ड नेत्रदान अधिकारी लोमेश कुर्रे द्वारा प्राप्त नेत्रों को मेकाहारा रायपुर के नेत्रदान कोष में जमा कराया गया।

READ ALSO  CG मौसम: छत्तीसगढ़ में फिर बरसेंगे बादल, भारी से बहुत भारी बारिश के आसार ...

इस पुनीत कार्य के लिए स्व. सालिक राम साहू के परिवार की संवेदनशील पहल को सम्मान देते हुए नेत्र रोग विभाग, रायपुर मेडिकल कॉलेज द्वारा परिवार को सम्मान प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। परिवार का यह निर्णय न केवल उनके प्रियजन की स्मृति को सम्मान देता है, बल्कि समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता और मानवीय संवेदना का संदेश भी देता है। परिवार के इस मानवीय एवं प्रेरणादायी निर्णय को सादर नमन।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins