राजनांदगांव : भंडारों के बाद सुबह चमक उठता है शहर, सफाई कर्मियों के सम्मान की अपील
महेंद्र लुनिया ने नगर निगम की टीम को दी बधाई, कहा—सफाई कर्मचारियों का सम्मान कर बढ़ाएं उनका मनोबल
राजनांदगांव । शहर में गणेशोत्सव के दौरान जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। हालांकि, भंडारों के बाद कई स्थानों पर उपयोग किए गए दोना-पत्तल और अन्य कचरा सड़कों पर बिखरा रह जाता है, जिसे नगर निगम के सफाई कर्मचारी सुबह होते ही साफ कर शहर को फिर स्वच्छ बना देते हैं।
समाजसेवी महेंद्र लुनिया ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की सराहना करते हुए सफाई कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पुलिसकर्मी रातभर ड्यूटी देकर व्यवस्था संभाल रहे हैं, उसी प्रकार सफाई कर्मचारी भी सुबह से पहले सड़कों और पंडालों के आसपास फैले कचरे को साफ करने में जुट जाते हैं। उनकी मेहनत के कारण शहर स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई दे रहा है।
महेंद्र लुनिया ने महापौर और नगर निगम आयुक्त की कार्यप्रणाली की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि निगम की टीम विशेष रूप से उन स्थानों पर तत्परता से सफाई कर रही है, जहां भंडारे और भोजन-प्रसादी का वितरण किया गया है।
उन्होंने सभी पंडाल एवं भंडारा समितियों के प्रबंधकों से अपील की है कि वे अपने-अपने वार्डों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों का सम्मान करें। इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और स्वच्छता के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
साथ ही आयोजक समितियों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि उपयोग किए गए दोना-पत्तल निर्धारित कचरा पात्रों में ही डालें, ताकि शहर को स्वच्छ रखने में नगर निगम की टीम को सहयोग मिल सके।



