CG : कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की
आवास निर्माण कार्यों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश, अप्रारंभ कार्यों की साप्ताहिक रिपोर्ट होगी प्रस्तुत
बालिका शौचालय एवं मुक्तिधाम शेड सहित सभी स्वीकृत कार्य दो माह में पूर्ण करने के निर्देश
जिले में 56 हजार 454 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत, 46 हजार 544 आवास पूर्ण
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की विकासखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आवास निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान अप्रारंभ कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराने तथा शेष अप्रारंभ कार्यों की जानकारी प्रत्येक सप्ताह प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करते हुए प्रत्येक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण, मुक्तिधाम शेड निर्माण तथा बोरवेल रिचार्ज के लिए रेत फिल्टर निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी स्वीकृत कार्यों में तेजी लाते हुए अगले दो माह के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने विकासखंडवार मानव दिवस सृजन तथा प्रति परिवार औसत मानव दिवस की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने फिजिकल सीसी के लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, सभी लक्षित कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने तथा श्रमिकों एवं हितग्राहियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन करने तथा अपने अधिकार क्षेत्र में नियमानुसार कार्यों का समयबद्ध संपादन सुनिश्चित करने कहा साथ ही बैठक में उपस्थित कार्य एजेंसी विभागों-जल संसाधन, वन एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों को भी नर्सरी विकास सहित अन्य स्वीकृत कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की किश्तवार एवं विकासखंडवार प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में वर्ष 2016 से 2026 तक कुल 56 हजार 454 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 46 हजार 544 आवास पूर्ण हो चुके हैं। इसी प्रकार मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत 422 आवासों में से 223 आवास पूर्ण हो चुके हैं। वहीं प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत 1080 आवासों में से 876 आवासों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। बैठक में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, परियोजना अधिकारी, सहायक परियोजना अधिकारी, तकनीकी सहायक सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


