CG : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित मैराथन दौड़ में सभी वर्ग ने लिया हिस्सा
उत्कृष्ठ खिलाड़ियों और धावकों को किया गया सम्मानित
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष में हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। जिले में लगातार बारिश होने के कारण राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन 9 सितम्बर बुधवार को किया गया है। जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों सहित सभी वर्ग के लोगों ने उत्साह से हिस्सा लिया। मैराथन दौड़ का शुभारंभ प्रातः 7.30 बजे पुलिस थाना गौरेला से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट परिसर में समाप्त हुआ। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्याम मणि राठौर, कलेक्टर विजय दयाराम के. एवं एसपी मनोज खिलारी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समापन एवं सम्मान समारोह में उत्कृष्ठ खिलाड़ियों और धावकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने समारोह मे उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरुप युवा प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के खिलाड़ियों ने जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अनेक उपलब्धियां हासिल किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और धावकों को शुभकामनाएं दी। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह और जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने भी समारोह को संबोधित किया और सफल आयोजन कि लिए आयोजन समिति को धन्यवाद दिया।
सम्मान समारोह में मैराथन दौड़ में महिला वर्ग में अंशु माला प्रथम, प्रीति सलाम द्वितीय, लवली टेकाम तृतीय, चांदनी चतुर्थ एवं सुनिता वाकरे पांचवे स्थान पर रहे। इसी तरह पुरुष वर्ग में राजेश मरावी प्रथम, मनोज यादव द्वितीय, राय सिंह तृतीय, राकेश कोर्चे चतुर्थ एवं नीरज पटेल पांचवें स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों को नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया इसके साथ ही राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के 27 खिलाड़ियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। इनमें पैरा तैराकी के सोमेश्वर सिंह धुर्वे, न्यासा पैकरा, सुन्दर सिंह श्यामा, जंतराम पनिका और रोहित कुमार शामिल है।
इसी तरह क्रिकेट खिलाड़ी आकाश कुमार, मंजीत कुमार एवं प्रखर पाण्डेय, निशानेबाजी में सूर्यकान्त बिस्नोई, शोयब खान, शियाज अहमद कुरैशी एवं आशिष प्रमोद कुमार दास, जिमनास्टिक में ऑचल वाकरे, सानिया वाकरे, शिवंम एवं साइमन, कराते में एन. श्रावणी, निहाल राठौर, निर्जला राठौर, एन. सुरज कुमार एवं प्रिया और कबड्डी खिलाड़ी आशा, लवली, धनेश्वरी, तारा, कैलशिया एवं प्रीति सलाम शामिल है। समारोह में पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा, एसडीएम पेण्ड्रारोड अमित बेक, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, जिला खेल अधिकारी सीमा डेविड, जिला मुख्य आयुक्त स्काउट एवं गाइड नीरज जैन सहित खिलाड़ी, विद्यार्थी एवं जिले वासी उपस्थित थे।



