राजनांदगांव : जिले में टेबल टेनिस को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का लिया संकल्प…
राजनांदगांव , जिला टेबल टेनिस संघ राजनांदगांव की महत्वपूर्ण बैठक संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र बग्गा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में टेबल टेनिस खेल के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा खेल प्रतिभाओं को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संघ की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए खेल गतिविधियों को व्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संचालित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से सुरेंद्र बग्गा को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं उपाध्यक्ष के रूप में हर्ष चितलांग्या, ममता मिश्रा एवं राजेश साहू, सचिव के रूप में अरुण डुलानी सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नई कार्यकारिणी का उद्देश्य जिले में टेबल टेनिस की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय करना तथा खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। बैठक में जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
