सावन की शुरुआत के साथ ही मानसून ब्रेक की स्थिति बन गई है। यह स्थिति तब बनती है, जब मानसून द्रोणिका कमजोर हो या अपने निर्धारित हिस्से से हट जाए। अब द्रोणिका के वापस मजबूत होने पर ही अच्छी बारिश की स्थिति बनेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले सप्ताह भर बारिश थमी रह सकती है। अच्छी बारिश को लेकर अभी कोई भी मजबूत सिस्टम नहीं बन रहा है। हालाकि कुछ हिस्से में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की होने की संभावना है। लेकिन सावन के मुताबिक अच्छी बारिश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। बता दें कि बारिश थमते ही तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है।
जिले में पहले जून से अब तक 516 मिमी. बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह इन दिनों की औसत बारिश के बराबर हैं। याने आंकड़ों के लिहाज से बारिश सामान्य स्थिति में हैं। हालांकि इस बार बारिश के पैटर्न में बदलाव रहा है। तीन से चार दिनों में 100 मिमी. या इससे अधिक बारिश हुई है। वहीं चार से पांच दिन तक का ब्रेक भी बार बार लग रहा है। मौजूदा समय में भी बारिश पर सात दिनों से ब्रेक लगा हुआ है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि अगर लगातार 4 दिन तक बारिश नहीं हुई, तो इसे मानसून का छोटा ब्रेक माना जाता है। वहीं अगर 7 दिन तक बारिश थमी रही। तो इसे मानसून का बड़ा ब्रेक माना जाता है। वर्तमान में जिले में यही स्थिति बनी हुई है। यह स्थिति तब उत्पन्न होती है, जब मानसून द्रोणिका का पूर्वी छोर ईस्ट की ओर बढ़ जाए।
