छत्तीसगढ़जांजगीर-चाम्पा जिला

CG : पानी की बोतल नहीं दी तो कैंची दिखाकर पीटा, दो आरोपी गिरफ्तार …

By kadwaghut|23 Sep 2026, 4:55 PM
f X W

जांजगीर-चांपा। अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास पानी की बोतल को लेकर हुए विवाद के बाद युवक को छोटी कैंची दिखाकर जान से मारने की धमकी देने, मारपीट करने और उसका मोबाइल व पर्स लेकर फरार होने के मामले में अकलतरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक घटना 15 सितंबर 2026 की है। बिलासपुर निवासी नवीन कुमार झा अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास एक होटल के सामने स्थित पान ठेले से पानी की बोतल खरीद रहा था। वह फोन-पे के माध्यम से पानी की बोतल का भुगतान कर रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और नवीन से पानी की बोतल मांगने लगे। नवीन ने पानी की बोतल देने से मना किया तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद युवक उसका पीछा करते हुए आगे तक गए। इस दौरान आरोपियों ने छोटी कैंची निकालकर उसे जान से मारने की धमकी दी और लात-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

Advertisement
Advertisement

मारपीट के दौरान नीचे गिरा मोबाइल और पर्स पुलिस के अनुसार मारपीट के दौरान नवीन का मोबाइल फोन और पर्स नीचे गिर गया। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों सामान उठा लिया और अपने साथ लेकर चले गए। घटना के दौरान नवीन को बचाने के लिए उसका एक साथी भी मौके पर पहुंचा। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने अकलतरा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की।

READ ALSO  राजनांदगांव : सेवा की कहानी - सोलर आधारित नलजल योजना से बदली खेड़ेपार की तस्वीर ...

पुलिस ने टीम बनाकर शुरू की तलाश पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अकलतरा पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की। घटनास्थल और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से संदिग्धों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने अजय खरे और योगेन्द्र मानिकपुरी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 25 वर्षीय योगेन्द्र मानिकपुरी निवासी वार्ड क्रमांक-13 अकलतरा और 25 वर्षीय अजय खरे निवासी वार्ड क्रमांक-15 रहसबेड़ा अकलतरा शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

अन्य आरोपियों के संबंध में जांच जारी पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अन्य साथियों के भी घटना में शामिल होने की बात सामने आई है। ऐसे में मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा जय कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कश्यप, आरक्षक शेषनारायण साहू, महेन्द्र राज एवं थाना स्टाफ की भूमिका रही।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button
Play GK Quiz and Win Coins