Rajnandgaon: सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा की पत्रकारवार्ता, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने गिनाईं उपलब्धियां

राजनांदगांव भाजपा कार्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस, केंद्र सरकार की योजनाओं को बताया गरीब, किसान और युवाओं के लिए लाभकारी
राजनांदगांव। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को भाजपा कार्यालय, जीई रोड राजनांदगांव में पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने संबोधित किया।
पत्रकारवार्ता में श्री अग्रवाल ने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बनाने की दिशा में ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को आम जनता के जीवन में बदलाव लाने वाला बताया।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं का उल्लेख किया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि इन योजनाओं का सीधा लाभ गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचा है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने देश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल इंडिया के क्षेत्र में तेजी से काम किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से छत्तीसगढ़ सहित राजनांदगांव जिले के लोगों को भी लाभ मिला है।
पत्रकारवार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने मोदी सरकार के 12 वर्षों को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का काम कर रही है।
इस मौके पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




