राजनांदगांव : हैंडबॉल जूनियर स्टेट चैंपियनशिप में राजनांदगांव की बालिका टीम बनी उपविजेता…
राजनांदगांव , खेल मैदान में अनुशासन, टीमवर्क और जीत के जज्बे के बीच राजनांदगांव की बालिका हैंडबॉल टीम ने अपनी प्रतिभा साबित की। पिछले साल की विजेता राजनांदगांव की टीम इस बार 48वीं राज्य स्तरीय जूनियर बालिका हैंडबॉल स्पर्धा में उपविजेता रही। दुर्ग की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि रायपुर को तीसरा स्थान मिला। हैंडबॉल संघ जिला राजनांदगांव के तत्वावधान में 17-18 अक्टूबर को कृष्णा पब्लिक स्कूल में आयोजित स्पर्धा में राज्य के 12 जिलों की करीब 144 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
दो दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। टीमवर्क, खेल भावना के साथ खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। कृष्णा एजुकेशन सोसाइटी एवं कृष्णा ग्रुप ऑफ एजुकेशन के उपाध्यक्ष आनंद त्रिपाठी, एकेडमी डायरेक्टर आरएस पांडेय, कृष्णा पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल एवं डायरेक्टर धनंजय सिंह, हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के सचिव प्रिंस मिश्रा, कृष्णा पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर शुभम पींचा, श्रेष्ठा तिवारी, शैलेश दीक्षित सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
अतिथियों ने खेल भावना का महत्व बताया अतिथियों ने खिलाड़ियों को अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना का महत्व बताया। समापन के दौरान मुख्य अतिथियों ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रही टीम को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया। समापन समारोह में कृष्णा पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर रजत पींचा, प्रिंस मिश्रा, शैलेश दीक्षित, गायत्री स्कूल के स्पोर्ट्स ऑफिसर अखिलेश मिश्रा, दुर्ग के सचिव जयप्रकाश, बिलासपुर के सचिव अनीश मिश्रा और रायगढ़ के सचिव तुषार मिश्रा सहित जिला संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आयोजन में जिला संघ के सदस्यों की अहम भूमिका स्पर्धा के आयोजन में जिला हैंडबॉल संघ के सचिव ओमान नारायण तंबोली के मार्गदर्शन और समन्वय में पदाधिकारियों और सदस्यों ने योगदान दिया। कोषाध्यक्ष निसार अब्बा, सह-सचिव धर्मोक्ष जमूरिया, सह-सचिव जयेश मुदलियार, कृष्णा तिवारी, अर्जुन सिंह, तरुण गुप्ता, आदर्श गुप्ता, राहुल सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्था संभाली। कृष्णा पब्लिक स्कूल प्रबंधन के प्रति आभार जताया। सचिव ओमान नारायण तंबोली ने कहा सभी टीमों, प्रशिक्षकों, सदस्यों के सहयोग से आयोजन सफल रहा।




