मध्य प्रदेशराज्‍य

एमपीवाईपीआईएल: वर्ष 2030-31 तक लगभग 15 हजार बसों के संचालन का लक्ष्य

By Admin|25 Oct 2026, 9:43 PM
f X W

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के संचालन और निगरानी के लिए 7 क्षेत्रीय कंपनियों के कार्यालयों की स्थापना एवं विस्तार की प्रक्रिया शुरू
भोपाल

मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को आधुनिक, सुलभ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की गई है। इसके प्रभावी संचालन के लिए मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के मुख्यालय तथा 7 क्षेत्रीय सहायक कंपनियों के कार्यालयों की स्थापना एवं विस्तार का कार्य किया जा रहा है। एमपीवाईपीआईएल का मुख्यालय भोपाल स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में स्थापित किया जा रहा है। यहां कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया जा रहा है, जिसमें लगभग 150 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी। इस सेंटर के माध्यम से 7 क्षेत्रीय कंपनियों के साथ समन्वय कर प्रदेशभर में संचालित बसों की निगरानी की जाएगी। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन सेवाओं के प्रभावी नियंत्रण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। वर्ष 2030-31 तक लगभग 15 हजार बसों के संचालन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन कंपनियों के माध्यम से प्रदेश में सिटी बस, इंटरसिटी बस और इंटरस्टेट बस सेवाओं का संचालन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने 25 सितंबर 2026 को पीएम ई-बस सेवा-मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ किया था। इसके साथ ही एमपीवाईपीआईएल के माध्यम से प्रदेश में बसों का विधिवत संचालन प्रारंभ हो गया है। परिवहन सेवाओं के बेहतर प्रबंधन, संचालन में समन्वय और यात्रियों की सुरक्षा के लिए मुख्यालय एवं क्षेत्रीय कंपनियों के स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।

READ ALSO  शरद पूर्णिमा पर भोपाल में भव्य धार्मिक आयोजन, लाल परेड ग्राउंड में होगा एक करोड़ अर्चन

7 शहरों में क्षेत्रीय कंपनियों के कार्यालय विकसित किए जा रहे
प्रदेश में बस परिवहन सेवाओं के बेहतर संचालन और निगरानी के लिए भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, सागर और रीवा जिले में 7 क्षेत्रीय सहायक कंपनियों के कार्यालय स्थापित एवं विकसित किए जा रहे हैं। यह क्रमश: भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड, अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड, उज्जैन सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड, जबलपुर सिटी लिंक ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड, ग्वालियर-चंबल यात्री परिवहन सेवा लिमिटेड, सागर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड और रीवा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड शामिल हैं।

बीसीएलएल का मुख्यालय आईएसबीटी भोपाल में
भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना आईएसबीटी भवन में की जा रही है। यहां लगभग 120 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी। कार्यालय में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से भोपाल के साथ नर्मदापुरम, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सीहोर, हरदा और बैतूल जिलों में संचालित बसों की निगरानी, सुरक्षा एवं नियंत्रण किया जाएगा।

इंदौर और उज्जैन के कार्यालय जनवरी 2027 तक होंगे तैयार
इंदौर में अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड के कार्यालय का विस्तार एवं उन्नयन किया जा रहा है। वहीं, उज्जैन में उज्जैन सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड के कार्यालय की स्थापना परिवहन कार्यालय, उज्जैन में की जा रही है। दोनों कार्यालयों का कार्य जनवरी 2027 तक पूरा होने की संभावना है। प्रत्येक कार्यालय में लगभग 120 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी। एआईसीटीएसएल के माध्यम से धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर जिलों में बसों के संचालन, सुरक्षा एवं नियंत्रण का कार्य किया जाएगा। वहीं यूसीटीएसएल के कार्यालय से देवास, रतलाम, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर और नीमच जिलों की बसों की निगरानी की जाएगी।

READ ALSO  छठ पर घर जाने की टेंशन! दिल्ली-NCR से बिहार की ट्रेनों में ‘नो रूम’, स्पेशल बसों के भरोसे यात्री

जबलपुर में 150 अधिकारियों-कर्मचारियों के बैठने की होगी व्यवस्था
जबलपुर सिटी लिंक ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड के कार्यालय का विस्तार एवं उन्नयन आईएसबीटी भवन, जबलपुर में प्रस्तावित है। 31 मार्च 2027 तक कार्यालय का विस्तार एवं उन्नयन का कार्य पूर्ण होने की संभावना है। कार्यालय में लगभग 150 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी। कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से नरसिंहपुर, कटनी, डिंडौरी, मंडला, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में संचालित बसों की निगरानी, सुरक्षा एवं नियंत्रण किया जाएगा।

ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के 7 जिलों की बसों पर रहेगी नजर
ग्वालियर-चंबल यात्री परिवहन सेवा लिमिटेड का कार्यालय राजस्व मंडल, ग्वालियर में बनाया जाएगा। 31 मार्च 2027 तक इसके पूर्ण होने की संभावना है। कार्यालय में लगभग 120 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी। इस कार्यालय के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से मुरैना, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी, दतिया, गुना और अशोकनगर जिलों में संचालित बसों की निगरानी, सुरक्षा एवं नियंत्रण किया जाएगा।

सागर में 28 फरवरी 2027 तक कार्यालय पूरा करने का लक्ष्य
सागर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड का कार्यालय स्मार्ट सिटी के इन्क्यूबेशन सेंटर भवन में बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके 28 फरवरी 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है। कार्यालय में लगभग 125 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी। सागर क्षेत्रीय कंपनी के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और दमोह जिलों में संचालित बसों की निगरानी, सुरक्षा एवं नियंत्रण किया जाएगा।

 

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button