दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुम्हारी क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार दंपती समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का इलाज रायपुर एम्स में जारी है।
पूजा में शामिल होने जा रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, स्कूटी पर कुल पांच लोग सवार थे। सभी रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर पूजा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कुम्हारी के पास उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से पीछे से टकरा गई। ट्रैक्टर में ऑक्सीजन सिलेंडर लदे हुए थे।
मृतकों की पहचान
हादसे में जिन चार लोगों की मौत हुई, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है:
- अमृत निर्मलकर (28 वर्ष) – स्कूटी चालक
- लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष)
- यासना निर्मलकर (7 वर्ष)
- डॉली निर्मलकर (4 वर्ष)
वहीं भावेश निर्मलकर (8 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार रायपुर एम्स में चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। ट्रैक्टर चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में मर्ग कायम कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे की वजह क्या?
प्रारंभिक जांच में स्कूटी की तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रैक्टर सड़क किनारे किस परिस्थिति में खड़ा था और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था।
