राजनांदगांव। अवाना बार में दोस्तों से मिलने पहुंचे सिविल इंजीनियर पंकज कुमार साहू के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बख्तावर चाल, तुलसीपुर निवासी पंकज ने अपनी शिकायत में राहुल गजभिये और राहुल गणवीर पर गाली-गलौज करने तथा राहुल गणवीर पर मारपीट कर सिर पर कांच का गिलास मारने का आरोप लगाया है।
पंकज के अनुसार, 9 नवंबर 2026 की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने दोस्त यश विश्वकर्मा से मिलने गए थे। उससे मुलाकात के बाद अन्य दोस्तों को तलाशते हुए अवाना बार के कमरा नंबर 108 पहुंचे। वहां राहुल गजभिये, राहुल गणवीर और अन्य लोग बैठे थे।
शिकायत के मुताबिक, पंकज ने वहां मोनू के होने के बारे में पूछा। इस पर राहुल गजभिये और राहुल गणवीर ने इधर-उधर झांकने की बात कहते हुए उनसे अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर राहुल गणवीर ने कथित तौर पर कुर्सी से उठकर उनका कॉलर पकड़ा और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
पंकज का आरोप है कि इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ लिफ्ट की ओर आ गए। इसी दौरान राहुल गणवीर ने सामने टेबल पर रखा कांच का गिलास उनके सिर पर मार दिया और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट से उनके सिर और सीने में चोट आई है।
पंकज के अनुसार, घटना के बाद वह इलाज कराने पेंड्री मेडिकल कॉलेज गए थे। इसके बाद पुलिस में रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की।
