राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत देवादा स्थित कल्लू ढाबा के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में एक ट्रक हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पंजाब राव निवासी ग्राम एवं थाना मुलताई, जिला बैतूल (मध्यप्रदेश) अपने निजी ट्रक MP 09 HH 1254 से रायपुर से इंदौर लोहा प्लेट लेकर जा रहे थे। उनके साथ ट्रक हेल्पर सुनील पवार (55 वर्ष) भी मौजूद था।
बताया गया कि 14 जुलाई की रात दोनों ने देवादा स्थित कल्लू ढाबा के पास ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर खाना खाया। खाना खाने के बाद दोनों वापस ट्रक की ओर जाने के लिए डिवाइडर और सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान 15 जुलाई 2026 की रात करीब 1:30 बजे दुर्ग की ओर से राजनांदगांव की तरफ आ रही पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 07 AQ 7558) के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सुनील पवार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही सुनील पवार सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वे बेहोश हो गए। घटना को आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने देखा तथा तत्काल डायल-112 और एम्बुलेंस को सूचना दी।
घायल सुनील पवार को पहले शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेंड्री (राजनांदगांव) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ। हालत गंभीर होने पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के आग्रह पर चिकित्सकों से चर्चा के बाद घायल को अस्पताल के दस्तावेजों सहित निजी एम्बुलेंस से आगे के उपचार के लिए मुलताई (मध्यप्रदेश) भेज दिया गया।
इसके बाद ट्रक चालक पंजाब राव ने 16 जुलाई को थाना सोमनी पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अपराध कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
