Rajnandgaon: गौरा-गौरी विसर्जन के दौरान गाली-गलौज और विवाद का आरोप, युवक पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

राजनांदगांव। लालबाग थाना क्षेत्र के पुराना ढाबा में गौरा-गौरी विसर्जन के दौरान लोगों से गाली-गलौज और विवाद करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। युवक को गिरफ्तार कर अनुविभागीय दण्डाधिकारी, राजनांदगांव के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 9 नवंबर को पुराना ढाबा स्थित तालाब के पास गौरा-गौरी विसर्जन चल रहा था। इस दौरान स्थानीय निवासी विजय धम्मेश्वर पिता दिनेश धम्मेश्वर, उम्र 24 वर्ष वहां मौजूद लोगों से गाली-गलौज कर विवाद कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस टीम ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। संज्ञेय अपराध की आशंका को रोकने के लिए उसके विरुद्ध धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार के मार्गदर्शन में लालबाग थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार जांगड़े के नेतृत्व में की गई।




