Rajnandgaon: ₹24 हजार के फोनपे ट्रांजैक्शन को लेकर विवाद, चॉइस सेंटर संचालक से मारपीट और जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

राजनांदगांव। सोमनी थाना क्षेत्र के ग्राम टेड़ेसरा स्थित अटल व्यावसायिक परिसर में ऑनलाइन चॉइस सेंटर संचालक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम टेड़ेसरा निवासी सुनील कुमार देशमुख अटल व्यावसायिक परिसर में देशमुख ऑनलाइन चॉइस सेंटर संचालित करते हैं। शिकायत के मुताबिक, 6 नवंबर की शाम करीब 5:20 बजे ग्राम इंदावानी निवासी विनोद रात्रे उनकी दुकान पहुंचा और फोनपे पर ₹24 हजार भेजे जाने की बात कहते हुए नगद राशि की मांग करने लगा।
दुकान संचालक ने रकम प्राप्त नहीं होने की बात कहते हुए भुगतान का स्क्रीनशॉट मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विनोद रात्रे ने गाली-गलौज करते हुए दुकान में घुसकर संचालक से मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सोमनी पुलिस ने आरोपी विनोद रात्रे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।



