राजनांदगांव : स्मार्ट PDS सिस्टम में गड़बड़ी! राशन कार्ड नंबर गायब, शक्कर वितरण पर भी संकट…

राजनांदगांव , जिलेभर में 500 से ज्यादा पीडीएस दुकानों में सर्वर अपडेशन की प्रक्रिया होने के बाद दिवाली से पहले राशन वितरण शुरू कर दिया गया है। लेकिन स्मार्ट पीडीएस सिस्टम में राशन कार्ड नंबर नहीं दिख रहा। दिवाली में शक्कर भी पीडीएस के पोर्टल में नहीं दिख रही। सर्वर अपडेशन होने के बाद गुरुवार शाम से सिस्टम में हितग्राहियों का राशन दिखने लगा है। दिवाली पर्व को ध्यान में रख पीडीएस संचालकों को निर्देशित कर सभी पीडीएस दुकानों से राशन वितरण कर रहे हैं।
नवंबर माह शुरू होने और दिवाली पर्व के बाद भी स्मार्ट पीडीएस सिस्टम का सर्वर अपडेशन नहीं होने के कारण राशन वितरण अटका पड़ा था। ऐसे में हितग्राहियों को पीडीएस की दुकानों से खाली हाथ लौटना पड़ा। खाद्य विभाग ने 85 प्रतिशत से ज्यादा राशन भंडारण का दावा किया था। अब पोर्टल में राशन दिखते ही बड़ी संख्या में हितग्राही राशन लेने पीडीएस की दुकानों में पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को शहर और जिले की अधिकांश दुकानों में बड़ी संख्या में हितग्राही पहुंचे थे, उन्हें राशन वितरण किया गया। खाद्य अधिकारी रविन्द सोनी का कहना है राशन कार्ड से ना सही आधार कार्ड से राशन वितरण किया जा रहा है। तकनीकी समस्या का भी जल्द समाधान होगा।
शक्कर महंगी होने से मिठाई के दाम बढ़े: पीडीएस से शक्कर नहीं मिलने, बाजार में महंगी होने के कारण मिठाई के दाम भी बढ़ गए हैं। करीब 400 रुपए किलों में बिकने वाली मिठाइयां 440 से 450 रुपए किलो तक बिक रही है। होटल-ढाबों, हलवाई की दुकानों में बिकने वाले पकवानों का दाम भी बढ़ा है। रक्षा बंधन पर्व के समय से बाजार में शक्कर की किल्लत और दाम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। ब्यूटी पार्लर में उपयोग आने वाले ऐसे प्रोडक्ट जिसे बनाने में शक्कर का उपयोग होता है ऐसे फेश, वाश, फेशियल क्रीम के दामों में करीब 20 से 30 रुपए तक वृद्धि हुई है।
पर्व के दौरान ही शक्कर नहीं मिलने से परेशानी पीडीएस की दुकानों में राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों ने बताया उन्हें नवंबर एक माह का चावल दिया गया। लेकिन पीडीएस संचालकों ने उन्हें बताया कि पोर्टल में अभी 1 किलोग्राम शक्कर का आवंटन नहीं दिख रहा है। इस कारण शक्कर नहीं मिली। दिवाली पर्व में विभिन्न तरह के पकवान और मिठाइयां बनाने घरों में शक्कर की जरूरत पड़ती है। अभी शक्कर नहीं मिलने से बाहर निजी दुकानों से खरीदनी पड़ेगी। कुछ समय पहले थोक में 50 और खुदरा में 55 रुपया किलो बिकने वाली शक्कर अभी 60 रुपए किलो बिक रही है।




