छत्तीसगढ़राजनांदगांव जिला

राजनांदगांव : किसानों को बड़ी राहत : अब खाद के लिए नहीं लगानी होगी कतार, मोबाइल से घर बैठे कटेगा टोकन…

By kadwaghut|06 Nov 2026, 4:12 PM
f X W

राजनांदगांव , रबी सीजन में किसानों को खाद लेने के लिए अब दुकानों और समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उर्वरक वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए जिले में नई टोकन व्यवस्था शुरू की गई है। इसके तहत किसान घर बैठे मोबाइल से टोकन जारी कराकर अपनी नजदीकी सहकारी समिति या निजी उर्वरक दुकान से खाद खरीद सकेंगे।

इसके लिए भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की पहल पर फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (एफएफएस) प्रणाली लागू की गई है। व्यवस्था शुरू होने के पहले दिन जिले के 35 किसानों ने टोकन जारी कराकर निर्धारित दर पर उर्वरक प्राप्त किया।

किसानों को इसके लिए एफएफएस मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा। आधार नंबर और फार्मर आईडी से लॉगइन करने के बाद अपनी भूमि और बोई जाने वाली फसल की जानकारी अपडेट करनी होगी। इसके बाद जरूरत के अनुसार उर्वरक का चयन कर नजदीकी सहकारी समिति या निजी विक्रय केंद्र चुनकर टोकन जारी किया जा सकेगा। जारी टोकन की वैधता दो दिन रहेगी। इस अवधि में किसान को चयनित केंद्र पहुंचकर खाद का उठाव करना होगा। दो दिन बाद टोकन स्वत: निरस्त हो जाएगा।

बिना टोकन खाद बेचने पर की जाएगी कार्रवाई उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने बताया कि निजी उर्वरक विक्रेताओं को भी ई-टोकन के आधार पर ही खाद का विक्रय करना होगा। बिना ई-टोकन उर्वरक बेचने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि इस व्यवस्था से उर्वरकों के अवैध परिवहन, कालाबाजारी और जमाखोरी पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही किसानों को उनके रकबे और बोई गई फसल के अनुसार निर्धारित मात्रा में उर्वरक मिल सकेगा।

READ ALSO  पर्यावरण संरक्षण से लेकर शिक्षा-स्वास्थ्य तक, DMF फंड के बेहतर उपयोग पर राज्यपाल का जोर
अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

2

Back to top button