छत्तीसगढ़रायपुर जिला

CG शिक्षक भर्ती 2026: हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए खुले आवेदन के रास्ते …

By kadwaghut|12 Oct 2026, 4:57 PM
f X W

रायपुर । छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती-2026 को लेकर दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में लोक शिक्षण संचालनालय ने भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र जारी किया है। इसके तहत अब दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी सहायक शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ शुद्धि पत्र
राज्य की शासकीय शालाओं में सहायक शिक्षक के रिक्त पदों को भरने के लिए 24 जुलाई 2026 को विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया गया था। इस विज्ञापन में बदलाव छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में दायर याचिका क्रमांक WPS No. 6783 of 2026, मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य में 9 अक्टूबर 2026 को पारित निर्णय के अनुपालन में किया गया है।

लोक शिक्षण संचालनालय के जारी शुद्धि पत्र के अनुसार, दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता से जुड़े प्रावधानों में संशोधन किया गया है।

दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी शामिल
संशोधित प्रावधानों के तहत समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की अधिसूचना के अनुरूप सहायक शिक्षक पद के लिए उपयुक्त दिव्यांगता की चिह्नित श्रेणियों में ब्लाइंड (B), डेफ (D) और सेरेब्रल पाल्सी (CP) को शामिल किया गया है। इसके साथ ही भर्ती विज्ञापन की कंडिका 05 के उपखंड (iv) को विलोपित कर दिया गया है।

दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित पदों का समूहवार और श्रेणीवार वितरण सामान्य प्रशासन विभाग के 5 मार्च 2019 के निर्देशों के अनुरूप स्पष्ट किया गया है। इसमें दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित और बहुदिव्यांगता से संबंधित समूहों के लिए आरक्षित पदों का विवरण शामिल है।

READ ALSO  Rajnandgaon - ग्रीन फार्म हाउस मे ए सी चोरी में थाना सोमनी पुलिस की कार्रवाई - लंबे समय से फरार 02 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए न्यायिक रिमांड पर जेल

ई-संवर्ग में 795 और टी-संवर्ग में 1,497 पद
सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के तहत कुल 2,292 पदों पर भर्ती की जानी है। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1,497 पद शामिल हैं।

ई-संवर्ग में रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर जिले शामिल हैं।

वहीं, टी-संवर्ग में बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद और बालोद जिले शामिल हैं।

ऑनलाइन आवेदन की तारीख अलग से होगी जारी
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि ब्लाइंड (B), डेफ (D) और सेरेब्रल पाल्सी (CP) श्रेणी के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएगी। इसलिए संबंधित अभ्यर्थियों को आवेदन की नई तारीख के संबंध में मंडल की आधिकारिक सूचना पर नजर रखनी चाहिए।

शुद्धि पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 24 जुलाई 2026 को जारी भर्ती विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें और कंडिकाएं पहले की तरह लागू रहेंगी।

अगली खबर लोड हो रही है...

Related Articles

Back to top button