राजनांदगांव : मक्का-पॉपकॉर्न की खेती पर जोर अनुबंध से उपज खरीदेगी कंपनी…
राजनांदगांव , जिले में धान के साथ वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि विभाग ने रबी सीजन की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत मक्का और पॉपकॉर्न मक्का की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। किसानों को अनुबंध खेती से जोड़ने, बीज उपलब्ध कराने और उत्पादित उपज की खरीदी की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया। शनिवार को जिला प्रशासन और कृषि विभाग की तकनीकी कार्यशाला में फसल विविधीकरण, सिंचाई जल के बेहतर उपयोग और द्वि-फसलीय क्षेत्र बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने किसानों को पारंपरिक फसल पद्धतियों के साथ वैकल्पिक फसलें अपनाने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण से कृषि संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर किसानों के आर्थिक हितों को मजबूत किया जा सकता है। उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने मैदानी अधिकारियों और किसान मित्रों से गांवों में किसानों के साथ चर्चा कर क्षेत्रवार कार्ययोजना तैयार करने कहा। उन्होंने फसल का चयन करते समय भूमि की प्रकृति, सिंचाई की उपलब्धता, पानी की जरूरत और बाजार की संभावनाओं को ध्यान में रखने पर जोर दिया।
अनुबंध खेती से बाजार की सुविधा देने की पहल: कार्यशाला में गॉरमेट पॉपकॉर्न कंपनी के प्रतिनिधि दयाजी ने पॉपकॉर्न मक्का की अनुबंध खेती के संबंध में जानकारी दी। इसमें किसानों के साथ अनुबंध, निर्धारित प्रक्रिया के तहत उपज की खरीदी और तय समय-सीमा में भुगतान की व्यवस्था पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। एबीस ग्रुप के शिवेंद्र दुबे ने मक्का की खेती को बढ़ावा देने के लिए अनुदान पर बीज उपलब्ध कराने और उत्पादित मक्का की खरीदी से संबंधित व्यवस्था की जानकारी दी।




