Rajnandgaon : डाकघर में जमा राशि का हिसाब नहीं मिलने का लगाया आरोप, जांच की मांग …
अंबागढ़ चौकी l डाकघर की बचत योजनाओं में राशि जमा करने और निकासी की प्रक्रिया को लेकर क्षेत्र में गंभीर सवाल उठ रहे हैं। एक ओर खाताधारक अब्दुल अमीन सिद्दिकी ने अपनी जमा राशि का हिसाब नहीं मिलने और खाता बंद पाए जाने की शिकायत की है, वहीं डाकघर के कुछ एजेंटों की कार्यप्रणाली को लेकर भी अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। अब्दुल अमीन सिद्दिकी के अनुसार वह राजेश लाटा को प्रतिदिन पैसा जमा करने के लिए देता था। उसकी पासबुक भी राजेश के पास रहती थी। वर्ष 2021 में जेल जाने के कारण वह अपने खाते की जानकारी प्राप्त नहीं कर सका। वर्ष 2024 में जेल से वापस आने के बाद जब उसने अपनी जमा राशि निकालने का प्रयास किया, तब उसे पता चला कि खाता बंद हो चुका है और उसमें जमा राशि निकाली जा चुकी है। व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय लाटा ने डाकघर की बचत योजनाओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
निकासी से संबंधित जानकारी लेने का प्रयास किया शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके पास वर्तमान में खाते का नंबर और पासबुक उपलब्ध नहीं है। उसने संबंधित डाकघर में आवेदन देकर खाते का विवरण, जमा राशि तथा निकासी से संबंधित जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया, लेकिन उसके अनुसार उसे बताया गया कि खाता बंद होने के कारण खाता नंबर और स्टेटमेंट उपलब्ध नहीं कराया जा सकता। अमीन सिद्दिकी ने थाना अंबागढ़ चौकी, पुलिस अधीक्षक जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी तथा संबंधित डाकघर में आवेदन प्रस्तुत किए हैं। आवेदन जमा करने की पावती भी प्राप्त की है।



