मोहला : नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा सभी लंबित मामले जल्द निपटाएं …
मोहला l जिला कार्यालय के सभा कक्ष में कलेक्टर तनुजा सलाम ने राजस्व व खाद्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। फार्मर रजिस्ट्री, एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन, कृषि खसरों व रजिस्ट्री से संबंधित कार्यों, डिजिटल क्रॉप सर्वे मोबाइल एप की प्रगति और राजस्व अभिलेखों के संधारण की स्थिति की समीक्षा की।
कलेक्टर ने कार्यों के दौरान आ रही तकनीकी समस्याओं का समय पर निराकरण करने तथा संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग के अंतर्गत राजस्व प्रकरणों, भू-अर्जन प्रकरणों, नक्शा बटांकन, अभिलेखों की शुद्धता तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा की। नामांतरण, सीमांकन व बंटवारा सहित सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे, संयुक्त कलेक्टर सुमीत गर्ग सहित राजस्व, खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्था करें: बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारी की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने किसान पंजीयन, रकबा समर्पण, धान खरीदी से संबंधित आवश्यक व्यवस्था की जानकारी लेते हुए सभी तैयारी समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्था करने, पूरी प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी रखने तथा अनियमितता की रोकथाम के लिए सतर्कता बरतने निर्देश दिए।



