राजनांदगांव : शिक्षकों को भेजी पढ़ाई की प्लानिंग, तिमाही की कमियों से छमाही में सुधार लाने पर जोर …
राजनांदगांव l शिक्षा विभाग ने स्कूलों में पढ़ाई की नई प्लानिंग भेजी है। तिमाही की कमियों से दिसंबर में होने वाली छमाही परीक्षा के नतीजे सुधारने पर फोकस रहेगा। परिणामों का विश्लेषण कर कक्षा और विषयवार कमियों की बिंदुवार जानकारी तैयार कर शिक्षकों को भेजी गई है। इसी से आगे पढ़ाई की दिशा तय होगी। 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों की ऑनलाइन क्लास में विषय विशेषज्ञ ब्लू प्रिंट आधारित प्रश्नों को हल कराएंगे। नवंबर में दिवाली अवकाश और दिसंबर में छमाही परीक्षा को देख उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग करने की योजना है।
तिमाही परीक्षा के नतीजों से देखा गया कि कौन सी कक्षा के बच्चे, कौन से विषय के प्रश्नों को हल करने में अधिकांश बच्चों ने गलती की है। किस कक्षा और विषय में विद्यार्थियों को किन बिंदुओं पर परेशानी हुई। शिक्षा विभाग इन कमियों को चिह्नित कर शिक्षकों को जानकारी भेजी है। ताकि सामान्य पढ़ाई के साथ कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान दें। उद्देश्य छमाही परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की तैयारी को बेहतर बनाना है। डीईओ प्रवास सिंह बघेल ने बताया विषय विशेषज्ञ ब्लू प्रिंट से प्रश्न हल करने ऑनलाइन क्लासेस में लगातार अभ्यास करा रहे हैं। हाईस्कूल स्तर पर गणित, अंग्रेजी और विज्ञान तथा हायर सेकेंडरी स्तर पर फिजिक्स, केमिस्ट्री, गणित पर विशेष फोकस है। दशहरा का अवकाश खत्म होने के बाद स्कूलों में नियमित क्लासेस लगाई जा रही है।
दावा: छमाही का सिलेबस अगले माह तक पूरा होगा दिवाली पर्व को 10 दिन शेष है, 6 को धनतेरस से पर्व की शुरुआत होगी, 8 को लक्ष्मी पूजन, इस तरह शुरुआती 10 दिन अवकाश में निकल जाएंगे। फिर 20 दिन स्कूल लगेंगे और दिसंबर की शुरुआत में छमाही परीक्षा होनी है। नवंबर के अंतिम सप्ताह तक सिलेबस पूरा कराने का दावा किया जा रहा है। 25 दिसंबर से शीतकालीन अवकाश लगेगा। नियमित क्लासेस नहीं लगेंगी और पढ़ाई प्रभावित होगी। उपलब्ध समय को ध्यान में रख सिलेबस पूरा करने की योजना है। स्कूलों में सिलेबस पूरा करने पर जोर देंगे।




