CG : छत्तीसगढ़ में छात्र की चोटी बनाकर काटे बाल, प्राचार्य पर केस दर्ज …

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पास पटेवा स्थित एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र के बाल काटने का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों की शिकायत और शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर स्कूल की प्राचार्य पल्लवी मरार के खिलाफ गोबरा नवापारा पुलिस ने किशोर न्याय (बालकों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनुशासन के नाम पर बाल काटने का आरोप
शिकायत के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को स्कूल में अनुशासन के नाम पर चौथी कक्षा के छात्र के लंबे बालों की चोटी बनाई गई और फिर कैंची से काट दिया गया। परिजनों का आरोप है कि इस घटना के बाद बच्चा मानसिक रूप से परेशान रहने लगा और स्कूल जाने से कतराने लगा। मामले की शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने दो प्राचार्यों की जांच टीम गठित की। टीम ने 31 जुलाई 2026 को स्कूल का निरीक्षण कर छात्र, अभिभावकों, प्राचार्य और शिक्षकों के बयान दर्ज किए।
चिकित्सकीय रिपोर्ट में मानसिक परेशानी का उल्लेख जांच के दौरान धन्वंतरी अस्पताल की 5 जून की चिकित्सकीय रिपोर्ट भी देखी गई। रिपोर्ट में छात्र को नींद में परेशानी, चिड़चिड़ापन और स्कूल जाने से डरने जैसी समस्याओं का उल्लेख किया गया है। छात्र ने गृहकार्य पूरा नहीं होने पर गणित शिक्षक अजय कुमार देवांगन द्वारा कान मरोड़ने का भी आरोप लगाया है। हालांकि शिक्षक ने शारीरिक दंड देने के आरोप से इनकार किया है। स्कूल बदलने की नौबत आई
जांच रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद छात्र की स्कूल में उपस्थिति अनियमित हो गई। अप्रैल 2026 में परिजनों ने उसका दाखिला दूसरे स्कूल में करा दिया। प्राचार्य ने जांच के दौरान बच्चों के बाल व्यवस्थित कराने की बात स्वीकार की थी। जांच दल ने संबंधित शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को भविष्य में इस तरह का व्यवहार नहीं करने की चेतावनी देने की अनुशंसा की। फिलहाल पुलिस ने प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।




