राजनांदगांव : आजाद हिंद 9 तो छग एक्सप्रेस 3 घंटे की देरी से चली…
राजनांदगांव , मुंबई-हावड़ा रुट पर चलने वाली ज्यादातर एक्सप्रेस ट्रेनें इन दिनों लेट चल रही है। ट्रेनों की टाइमिंग लगातार बिगड़ती जा रही है। इसके चलते यात्रियों को स्टेशन में ही घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सुबह से शाम तक यात्री ट्रेनों के इंतजार में बैठ रहे हैं।
बीते दो दिनों की करें तो आजाद हिंद एक्सप्रेस करीब 9 घंटे देर से चली, इसी तरह वैन गंगा एक्सप्रेस 5 घंटे, छग एक्सप्रेस 3 घंटे, हावड़ा -अहमदाबाद एक्सप्रेस 2 घंटे देर से स्टेशन पहुंची। शिवनाथ एक्सप्रेस लगातार सप्ताह भर से 3 से 4 घंटे देर से चल रही है। वहीं हावड़ा-मुंबई मेल और शालीमार एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से 2 से 3 घंटे देर से चल रही है। इन ट्रेनों के इंतजार में यात्री परेशान हो रहे हैं। वहीं रेलवे के द्वारा ट्रेनों की लेट होने की वजह तक नहीं बताई जा रही है। अपनी ट्रेन के निर्धारित समय से पहले पहुंचने वाले यात्रियों को काफी समय स्टेशन में ही बिताना पड़ रहा है। यह स्थिति बीते 10 दिनों से बनी हुई है।
त्योहारी सीजन में कन्फर्म बर्थ भी नहीं मिल पा रही ट्रेनों की टाइमिंग ने पहले ही यात्रियों को परेशान कर रखा है। उस पर अब कन्फर्म बर्थ को लेकर भी मारामारी की स्थिति है। लंबी दूरी की ज्यादातर एक्सप्रेस ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति 20 से 25 बनी हुई है। यह हालात एसी – 3 में हैं। जबकि स्लीपर कोच में वेटिंग 40 से अधिक है। ऐसे में त्योहार में घर लौटने वाले यात्रियों को भी परेशान होना पड़ रहा है। ज्यादातर ट्रेनों में ऐसी ही स्थिति बनी हुई है।


