CG : सड़क पर बने अवैध टीन शेड को निगम ने हटाया…
मॉडल टाउन में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई
भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह के निर्देशानुसार निगम क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन क्रमांक-1 नेहरू नगर अंतर्गत वार्ड क्रमांक-3 मॉडल टाउन में सड़क पर अवैध रूप से निर्मित टीन शेड को निगम की टीम द्वारा हटाने की कार्रवाई की गई।
मॉडल टाउन क्षेत्र में सड़क पर टीन शेड का निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था। इस पर संज्ञान लेते हुए निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध टीन शेड को हटाने की कार्रवाई की। सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों पर इस प्रकार के अवैध निर्माण से नागरिकों को आवागमन में असुविधा होती है। साथ ही यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा सार्वजनिक उपयोग की भूमि एवं सड़कों पर किए जा रहे अवैध कब्जों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निगम क्षेत्र में सड़कों, नालियों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जाए। नगर निगम भिलाई द्वारा नागरिकों एवं व्यवसायियों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक मार्गों, सड़कों एवं अन्य शासकीय स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण अथवा अतिक्रमण न करें। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें। निगम प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।




