राजनांदगांव : सेवा सेतु शिविर में जनसंपर्क विभाग के स्टॉल से नागरिक हुए योजनाओं के प्रति जागरूक…
जनमन पत्रिका, ब्रोशर एवं पाम्पलेट्स का नि:शुल्क वितरण
राजनांदगांव । सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा लखोली स्थित स्कूल मैदान में आयोजित सेवा सेतु शिविर में जनसंपर्क विभाग के स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, शासकीय सेवाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई। इस दौरान विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका जनमन सहित योजनाओं से संबंधित ब्रोशर, पाम्पलेट्स एवं पुस्तिकाओं का नि:शुल्क वितरण किया गया। नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। स्टॉल में पहुंचे नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रचार सामग्री प्राप्त की और शासन की योजनाओं की जानकारी को उपयोगी बताया।
जनमन पत्रिका की उपयोगी जानकारी को नागरिकों ने सराहा
शिविर में लखोली निवासी नरसिंग साहू ने बताया कि जनमन पत्रिका के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं गतिविधियों की महत्वपूर्ण जानकारी मिली। श्रमिक कार्ड बनवाने शिविर पहुंचे घनश्याम श्रीवास ने भी जनसंपर्क विभाग के स्टॉल से जनमन पत्रिका प्राप्त की और इसमें प्रकाशित जानकारी को उपयोगी बताया। लखोली निवासी मोतिम साहू एवं सीमा साहू ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह राशि प्राप्त हो रही है। उन्होंने स्टॉल के माध्यम से अन्य शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इसी तरह डीएल बरैया, विजय साकरे, गायत्री देशलहरे सहित अन्य नागरिकों ने जनमन पत्रिका एवं प्रचार सामग्री प्राप्त कर जनसंपर्क विभाग की पहल की सराहना की।




