राजनांदगांव में गौवंश हत्या के मामले को लेकर बवाल, जीई रोड पर चक्काजाम, भारी पुलिस बल तैनात

संदेही की पूछताछ के बाद भी लोगों में भारी आक्रोश, थाने का घेराव करने पहुंची भीड़, इलाके में तनावपूर्ण माहौल
राजनांदगांव। शहर में कथित गौवंश हत्या के मामले को लेकर लोगों का आक्रोश भड़क उठा है। घटना से नाराज लोगों ने जीई रोड पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामले में एक संदेही को पुलिस ने पकड़कर थाने ले गई है। संदेही के घर के आसपास भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर मोहल्लेवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

संदेही से पूछताछ, थाने का घेराव करने पहुंची भीड़
संदेही को थाने ले जाने की जानकारी मिलते ही आक्रोशित लोगों का जनसमूह थाने का घेराव करने पहुंच गया। लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
मामले को लेकर लोगों ने पुलिस से निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच की मांग की है। घटनास्थल से मिले कथित गोवंश अवशेषों की जांच कराने, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग उठाई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई पर लोगों की नजर
फिलहाल मामले को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है। पुलिस द्वारा संदेही से पूछताछ की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मामले में कितने लोगों की संलिप्तता है और किन धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।



