राजनांदगांव : डोंगरगढ़ पदयात्री मार्ग पर पंडालों का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं का लिया जायजा…
राजनांदगांव , अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने क्वांर नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पदयात्री मार्ग का निरीक्षण किया। सुबह कलेक्टर जितेंद्र साहू ने भी माता के दर्शन किए। अपर कलेक्टर ने मार्ग में लगे सेवा पंडालों का भी जायजा लिया। पंडालों में विश्राम कर रहे पदयात्रियों से बात की। उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मारकण्डेय ने सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा।
पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, बिजली की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जरूरत के अनुसार मार्ग में बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। क्वांर नवरात्रि पर अंजोरा से डोंगरगढ़ तक पदयात्री मार्ग में अलग-अलग जगह सेवा पंडाल लगाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर अभिषेक तिवारी, जनपद पंचायत राजनांदगांव के सीईओ मनीष साहू मौजूद रहे।




