CG : शादी कराने के नाम पर लोगों को फंसाती थी महिला, 4 के साथ गिरफ्तार …
जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर में साइबर थाना पुलिस ने शादी का विज्ञापन देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी राजनांदगांव जिले के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले के मुताबिक, साइबर क्राइम पोर्टल पर एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि शादी कराने का झांसा देकर उससे 6 लाख 65 हजार रुपये की ठगी की गई है। शिकायत मिलने के बाद जांजगीर साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान आरोपियों के राजनांदगांव जिले में रहने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर दबिश दी और महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला की पहचान भूमिका रंगारी के रूप में हुई है। वह पहले एक मैरिज ब्यूरो में काम करती थी। वहां से काम छोड़ने के बाद उसने कथित तौर पर एक फर्जी संस्था शुरू कर दी। आरोप है कि महिला मोबाइल फोन के जरिए लोगों से संपर्क करती थी और शादी कराने का भरोसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाती थी। इसके बाद उनसे पैसे लेकर ठगी की जाती थी। फिलहाल, पुलिस ने महिला समेत गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




