CG : पुलिस की रेड पड़ते ही मची अफरा-तफरी, 15 लोग थाने पहुंचे दो फरार, पूरा मामला क्या है? …
धमतरी: शहर से लगे श्यामतराई गांव मे देह व्यापार के कारोबार को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अर्जुनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 9 युवक और 6 युवतियों समेत कुल 15 लोगों को पकड़ा है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। दूसरे शहरों से युवतियों को बुलाकर यहां पर लंबे समय से देह व्यापार कराया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान एक महिला दलाल और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि इस मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं और बाहरी लोगों का लगातार आना-जाना लगा हुआ था। अब पुलिस की इस कार्रवाई के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मामला धमतरी शहर से लगे श्यामतराई गांव का है। देर रात यहां उस वक्त हलचल बढ़ गई, जब अर्जुनी पुलिस की टीम ने एक मकान में अचानक दबिश दी पुलिस की कार्रवाई के बाद एक-एक कर 15 लोगों को थाने लाया गया। इनमें 9 युवक और 6 युवतियां शामिल हैं, जिसमें दो नाबालिग युवक भी बताए जा रहे हैं। पुलिस को पिछले कई दिनों से श्यामतराई इलाके में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी इसी सूचना के आधार पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और फिर पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी।
इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों की शिकायत का एंगल भी सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मकान में लंबे समय से बाहरी लोगों का आना-जाना लगा हुआ था। धमतरी के अलावा दूसरे जिलों से भी युवक-युवतियों के यहां पहुंचने की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंच रही थी। इसी को लेकर ग्रामीणों ने कुछ समय पहले जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायत भी की थी। ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह की गतिविधियों से गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। अब पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले की तस्वीर कुछ और साफ होती नजर आ रही है।
पुलिस के मुताबिक, दूसरे शहरों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान एक महिला दलाल और उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश करने की बात कह रही है। बताया जा रहा है कि महिला दलाल के खिलाफ पहले भी शिकायत सामने आ चुकी है। हालांकि, इस दावे की विस्तृत जानकारी पुलिस की ओर से सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बालिग आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पकड़े गए बालिग लोगों में धमतरी के अलावा श्यामतराई, डांडेसरा, भालूचुवा, नवागांव कंडेल और तेलीनसत्ती समेत अलग-अलग स्थानों के लोग शामिल हैं ।




