Rajnandgaon: शिव महापुराण और मार्कंडेय पुराण पर आधारित मूर्ति बनी आकर्षण का केंद्र, ब्राह्मणपारा में 14 वर्षों से सिद्धि विनायक परिवार कर रहा गणेश स्थापना
राजनांदगांव। शहर के ब्राह्मणपारा क्षेत्र में सिद्धि विनायक परिवार द्वारा पिछले 14 वर्षों से लगातार भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी समिति द्वारा धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक प्रतिमा तैयार की गई है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इस वर्ष स्थापित प्रतिमा और प्रतिमा की थीम शिव महापुराण एवं मार्कंडेय पुराण से प्रेरित बताई जा रही है। भगवान श्री गणेश के साथ पौराणिक स्वरूपों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी और कलात्मक सजावट के बीच तैयार इस प्रतिमा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
सिद्धि विनायक परिवार के सदस्य आयुष शुक्ला के अनुसार, समिति का उद्देश्य गणेशोत्सव के माध्यम से धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। पिछले 14 वर्षों से समिति लगातार अलग-अलग धार्मिक विषयों पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित करती आ रही है।
ब्राह्मणपारा में सजी इस वर्ष की प्रतिमा अपनी भव्यता, कलात्मकता और धार्मिक संदेश के चलते शहरवासियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।




