Rajnandgaon : SBI का ATM तोड़ते पकड़ा गया युवक …
डोंगरगढ़। शहर के बीचों-बीच स्थित बस स्टैंड के एसबीआई ATM बूथ में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी कथित तौर पर हथौड़ी और छीनी लेकर ATM बूथ में दाखिल हुआ और मशीन को तोड़कर रकम निकालने की कोशिश करने लगा। इससे पहले कि वह अपने मंसूबे में कामयाब हो पाता, आसपास मौजूद लोगों की नजर उसकी गतिविधियों पर पड़ गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी पूरी तैयारी के साथ ATM बूथ में पहुंचा था। आरोप है कि उसने सबसे पहले बूथ में लगे CCTV कैमरे को निशाना बनाया, ताकि उसकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड न हो सकें। कैमरे को क्षतिग्रस्त करने के बाद आरोपी ने अपने पास मौजूद हथौड़ी और छीनी से ATM मशीन के कवर और दरवाजे वाले हिस्से पर वार करना शुरू कर दिया। लगातार वार किए जाने के कारण ATM मशीन का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान आसपास मौजूद कुछ लोगों को बूथ के अंदर संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया और इसकी जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई और युवक को अपने कब्जे में ले लिया।
स्थानीय निवासी और एसबीआई कर्मचारी अंजल निगम भी घटना के दौरान वहां पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वे रात में अपने एक रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन छोड़ने के बाद वापस लौट रहे थे। बस स्टैंड के पास स्थित ATM बूथ की तरफ उनकी नजर गई तो वहां कुछ स्थानीय लोग मौजूद दिखाई दिए। लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ रखा था, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक के मुताबिक रात में पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान ATM के पास संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में जानकारी मिली। मौके पर जांच के दौरान उसके पास से छीनी और हथौड़ी मिलने की बात कही गई है। ATM के कवर वाले हिस्से को भी नुकसान पहुंचाया गया था। पुलिस टीम युवक को पकड़कर थाने ले गई।
पूछताछ में संदिग्ध की पहचान सेवाराम वर्मा निवासी अंडी के रूप में बताई गई है। एसडीओपी के अनुसार घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था, जिसके कारण शुरुआती पूछताछ में उससे अधिक जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद सुबह से उससे विस्तार से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने ATM को निशाना बनाने की योजना पहले से बनाई थी या नशे की हालत में उसने अचानक वारदात का प्रयास किया। उसके पास हथौड़ी और छीनी कहां से आई तथा वह किस तरह ATM बूथ तक पहुंचा, इन पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात की कोशिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या आरोपी अकेले ही मौके पर पहुंचा था। आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी मामले की जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। घटना ने ATM बूथों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के व्यस्त बस स्टैंड इलाके में आधी रात को आरोपी द्वारा CCTV कैमरा और ATM मशीन को कथित रूप से क्षतिग्रस्त करने की कोशिश के बावजूद समय रहते लोगों की नजर पड़ जाने से बड़ी वारदात टल गई।




