राजनांदगांव: मेडिकल स्टोर और मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर की चोरी, अज्ञात चोरों पर मामला दर्ज

राजनांदगांव/छुरिया। जिले के चिचोला चौकी क्षेत्र अंतर्गत लाल बहादुर नगर में अज्ञात चोरों ने देर रात दो दुकानों का शटर तोड़कर नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात 2 से 4 बजे के बीच वारदात
पुलिस के अनुसार, ग्राम झंडातालाव निवासी गौतम कुमार वर्मा (50 वर्ष) लाल बहादुर नगर में युवराज मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर की रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे।
12 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे पड़ोसी श्याम सुंदर साहू ने फोन कर सूचना दी कि मेडिकल स्टोर का शटर किसी ने मोड़कर ऊपर उठा दिया है। मौके पर पहुंचने पर दुकान के गल्ले से रखे 200 रुपये गायब मिले।
मोबाइल दुकान से दो फोन और सामान चोरी
पूछताछ के दौरान पता चला कि पास स्थित मोबाइल प्वाइंट दुकान का शटर भी तोड़ा गया था। दुकान संचालक गुणित कुमार साहू ने बताया कि चोर दुकान से वीवो और इनफिनिक्स कंपनी के दो मोबाइल फोन, मोबाइल चार्जर और ईयरफोन चोरी कर ले गए।
चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई गई है।
मजदूरों की आवाज सुनकर भागे चोर
श्याम सुंदर साहू ने पुलिस को बताया कि उनकी जालीदार फैक्ट्री का शटर भी चोरों ने तोड़ने का प्रयास किया था। फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों ने आवाज लगाई तो दो संदिग्ध मौके से भाग निकले।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
चिचोला पुलिस चौकी में प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0/2026 दर्ज कर मामले को असल नंबर के लिए थाना छुरिया भेजा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।




