राजनांदगांव : व्यस्त बाजारों को 14 तक रोड क्रॉसिंग केबल से मिलेगी मुक्ति …
राजनांदगांव l शहर के मुख्य व्यावसायिक व मध्य क्षेत्रों को तारों के असंगठित जाल से मुक्त करने और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ऊर्जा विभाग तथा सीएसपीडीसीएल ने एक बड़ी पहल की है। सोमवार को कैलाश नगर स्थित विद्युत मंडल कार्यालय में बीएसएनएल, रिलायंस जियो और एयरटेल के अधिकारियों व केबल ऑपरेटरों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विधायक व सांसद प्रतिनिधि (ऊर्जा विभाग/क्रेडा) रूपचंद भीमनानी तथा सीएसपी डीसीएल के कार्यपालन अभियंता सरदार गुरदयाल सिंह फ्लोरा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण और जन-सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
अभियान के मुख्य बिंदु और समय-सीमा: शहर के प्रमुख व्यावसायिक मार्गों रामाधीन मार्ग, कामठी लाइन, सदर बाजार, हलवाई लाइन, सिनेमा लाइन, मानव मंदिर क्षेत्र, गुड़ाकू लाइन और आजाद चौक परिधि में सड़कों के ऊपर से गुजरने वाले सभी सेलुलर व केबल तारों को 14 सितंबर हटाकर पोल के समानांतर व्यवस्थित किया जाएगा। दूसरे चरण के तहत विद्युत पोलों पर लटके अतिरिक्त तारों के बंडलों को 14 से 28 सितंबर तक पूरी तरह साफ किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कम हो और पोल सुघड़ दिखें।




